भ्रामक दावों और मिस लेबलिंग वाले खाद्य उत्पादों पर रामगढ़ में कार्रवाई

Spread the love

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई दुकानों का किया औचक निरीक्षण, चार उत्पाद बिक्री से हटाए

रामगढ़ कैंट, झारखंड  : भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली तथा अपर मुख्य सचिव सह खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड के निर्देश पर रामगढ़ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अमानक, मिस लेबलिंग और भ्रामक दावों वाले खाद्य उत्पादों के खिलाफ जांच अभियान चलाया।:

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामगढ़ कॉलेज गेट से ब्लॉक चौक तक विभिन्न दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसके सुपर फैमिली मार्ट, कुशवाहा शॉप, श्रवण होटल, आरके ढाबा, महेश जनरल स्टोर, कुमार जनरल स्टोर और केक बास्केट समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम को कुछ ऐसे खाद्य उत्पाद मिले, जिनमें मिस लेबलिंग एवं भ्रामक दावों से संबंधित आपत्तियां पाई गईं। इसके बाद रेड बुल, स्टिंग एनर्जी ड्रिंक, किंडर जॉय और लौटे चोको पाई को संबंधित दुकानों से बिक्री के लिए हटाया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले, मिस लेबलिंग अथवा उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले दावों वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं की जाए। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों और लेबलिंग संबंधी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

विभाग की ओर से बताया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा को लेकर इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी मौजूद रहे।