आत्महत्या के कारण एवं निवारण पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : सिविल सर्जन रामगढ़ डॉ. अनिल कुमार एवं नोडल पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी के निर्देशानुसार एस.एस. +2 हाई स्कूल, पतरातू में “आत्महत्या के कारण एवं निवारण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, तनाव एवं विभिन्न समस्याओं का सकारात्मक तरीके से सामना करने के लिए प्रेरित करना तथा आत्महत्या की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्महत्या के विभिन्न कारणों, मानसिक तनाव, पारिवारिक एवं सामाजिक सहयोग तथा समय पर परामर्श प्राप्त करने के महत्व पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा कठिन परिस्थितियों में परिजनों, शिक्षकों एवं भरोसेमंद लोगों से संवाद करने का संदेश दिया।

नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र रविदास, शिक्षक प्रमा प्रकाश सिंह एवं डॉ. अंजय कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग के जिला परामर्शी बिनय शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए पुरस्कृत

निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार महिमा कुमारी, द्वितीय पुरस्कार नम्रता कुमारी एवं तृतीय पुरस्कार अंतरा कुमारी को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि मानसिक तनाव या किसी भी प्रकार की परेशानी को अकेले सहने के बजाय समय रहते परिवार, शिक्षक अथवा विशेषज्ञ से बातचीत करना जरूरी है। कठिन परिस्थितियों में मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि समस्या से बाहर निकलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तथा आत्महत्या की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।