बासगढ़ा खदान में शुरू हुई रेस्क्यू टीमों की अग्निपरीक्षा, 13 टीमें दिखा रहीं बचाव कौशल

Spread the love

भुरकुंडा (रामगढ), झारखंड : सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र स्थित बासगढ़ा माइंस में मंगलवार से 40वीं क्षेत्रीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 शुरू हो गई। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सीसीएल के अलग-अलग क्षेत्रों की 13 रेस्क्यू टीमें अपनी दक्षता और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता की शुरुआत रांची मुख्यालय से पहुंचे अधिकारियों ने झंडोत्तोलन के साथ की। उद्घाटन के दौरान रेस्क्यू टीमों के जवानों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। इस दौरान खदान परिसर में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।

प्रतियोगिता में बीएंडके, कथारा, ढोरी, बोकारो-करगली, रामगढ़, राजरप्पा, अरगड्डा, पिपरवार और बरका-सयाल समेत सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं।

खान बचाव प्रतियोगिता के माध्यम से यह परखा जाएगा कि खदानों में आग, गैस रिसाव या अन्य आकस्मिक घटनाओं के दौरान रेस्क्यू टीम कितनी तेजी और तकनीकी दक्षता के साथ राहत एवं बचाव कार्य कर सकती है। टीमों के बीच आपसी तालमेल, शारीरिक क्षमता और बचाव उपकरणों के इस्तेमाल की दक्षता भी प्रतियोगिता का हिस्सा है।

प्रतियोगिता के दौरान रेस्क्यू रिले रेस, प्राथमिक उपचार, गैस की जांच, कृत्रिम श्वसन और आधुनिक बचाव उपकरणों के संचालन से जुड़ी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को अंतिम दिन सम्मानित किया जाएगा। विजेता टीम अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करेगी।

मौके पर उपनिदेशक खान सुरक्षा (खनन), कोडरमा आरएस पाटिल, उपनिदेशक खान सुरक्षा (विद्युत), रांची मलय कुमार जैन, उपनिदेशक खान सुरक्षा (विद्युत), रांची अरविंद कुमार, उपनिदेशक खान सुरक्षा (खनन), चाईबासा मिथिलेश कुमार, पीओ कुमार राकेश सत्यर्थी, विकास कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।