जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत

Spread the love

रांची / जमशेदपुर, झारखंड : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी-मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार सड़क किनारे खराब हालत में खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। बताया गया है कि कार पश्चिम बंगाल की ओर से जमशेदपुर लौट रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रेलर से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के नाम सामने आए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार से शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर के अनुसार, जिस ट्रेलर से कार की टक्कर हुई, वह पहले से खराब होकर सड़क पर खड़ा था। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने के लिए पुलिस को विशेष प्रयास करने पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री दीपिका पांडेय सिंह जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। बेटी के निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

इरफान अंसारी ने जताया दुख

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तृषा सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी मां के लिए शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जताया शोक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की और दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की।

पुलिस अब दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, सड़क पर खड़े ट्रेलर की स्थिति और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।