रामगढ़, झारखंड :आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन भरोसा” के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों से गुम हुए 61 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित दर्ज सनहा एवं CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रामगढ़ जिला ही नहीं, बल्कि जिले के बाहर रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा समेत अन्य जिलों से कुल 61 गुम मोबाइल बरामद किए गए।
रामगढ़ पुलिस ने जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
किस थाना क्षेत्र से कितने मोबाइल बरामद
रामगढ़ थाना: 7 मोबाइल
रजरप्पा थाना: 7 मोबाइल
पतरातू थाना: 10 मोबाइल
मांडू थाना: 4 मोबाइल
गोला थाना: 5 मोबाइल
भुरकुंडा ओपी: 7 मोबाइल
बरकाकाना ओपी: 5 मोबाइल
बरलंगा थाना: 3 मोबाइल
बसाल थाना: 1 मोबाइल
कुजू ओपी: 5 मोबाइल
घाटोटांड़ ओपी: 3 मोबाइल
भदानीनगर ओपी: 4 मोबाइल
इस प्रकार विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों से कुल 61 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
तीन चरणों में 245 गुम मोबाइल बरामद
रामगढ़ पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन भरोसा” के तहत अब तक तीन चरणों में कुल 245 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। प्रथम चरण में 125, द्वितीय चरण में 59 और तृतीय चरण में 61 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजनों को CEIR पोर्टल के उपयोग तथा गुम हुए मोबाइल फोन की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी गुम हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें।
मोबाइल फोन वापस मिलने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस प्रयास की प्रशंसा की। पुलिस ने कहा कि आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।