गिरिडीह में दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, छात्र नेता की मौत से तनाव; आरोपियों की तलाश में छापेमारी

Spread the love

गिरिडीह, झारखंड : गिरिडीह शहर से सटे बंदरकुप्पी इलाके में गुरुवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर (बभनटोली) निवासी 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

बताया गया कि घटना रात करीब 11 बजे गिरिडीह-डुमरी मार्ग स्थित चर्चित मैगी प्वाइंट के पास हुई। ऋतिक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा था। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव कथित तौर पर कई अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा और ऋतिक के साथ मारपीट शुरू हो गई।

बांस के टुकड़े से भी हमला करने का आरोप

मृतक के साथी शुभम दास के अनुसार, हमलावरों ने पहले ऋतिक के साथ हाथापाई और घूंसे से मारपीट की। इसके बाद बांस के टुकड़े से भी उस पर हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल ऋतिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने के दौरान उसके दो साथी भी घायल हुए हैं।

घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। बाद में नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

पिता झारखंड पुलिस में दारोगा

मृतक ऋतिक यादव के पिता झारखंड पुलिस में अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में हजारीबाग स्थित जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में तैनात बताए गए हैं। ऋतिक के एक छात्र संगठन से जुड़े होने की भी जानकारी है।

देर रात हुई हत्या की इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।