भारी बारिश के बीच स्कूल बंद रखने की मांग, सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने डीसी को सौंपा आवेदन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

इस संबंध में धनंजय कुमार पुटूस ने रामगढ़ के उपायुक्त को आवेदन देकर तथा सोशल मीडिया पर ट्वीट के माध्यम से आग्रह किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक जिले के विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया जाए।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई इलाकों में जलजमाव के साथ सड़कों की खराब स्थिति और आवागमन में उत्पन्न बाधाओं के कारण बच्चों को विद्यालय पहुंचने में कठिनाई हो रही है।

धनंजय कुमार पुटूस ने बारिश के दौरान बच्चों के भीगने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि खराब मौसम में विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने के लिए मजबूर न करना सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है।

उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि भारी वर्षा की स्थिति सामान्य होने तक रामगढ़ जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों को बंद रखने संबंधी आदेश जारी किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को खराब मौसम में अनावश्यक आवागमन से बचाया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके  ।