रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ की धरती पर पहली बार आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ रामगढ़ के तत्वावधान में आर्म रेसलिंग यानी पंजा लड़ाई प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन बिजोलिया तालाब के निकट स्थित बंधन बैंक्वेट हॉल में हुआ।
प्रतियोगिता में रामगढ़ के अलावा हजारीबाग, रांची और बोकारो जिले के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सैकड़ों प्रतिभागियों ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी ताकत और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा एवं सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, सरदार अनमोल सिंह, मधु गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव एवं भाजपा नेता ऋषिकेश सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राजीव जायसवाल ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से रामगढ़ की पहचान और मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जानी चाहिए और इसे आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में फिट मन्नू, फिट मनीष और आयुष कुमार का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता देखने के लिए तीन सौ से अधिक दर्शक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मौके पर राजा सिंह, पीयूष यादव सहित आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।