मुर्रामकला ट्रेंचिंग ग्राउंड का उपायुक्त और छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी ने किया निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज एवं छावनी परिषद रामगढ़ के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने सोमवार को मुर्रामकला स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड में जमा पुराने कचरे को हटाने एवं उसके निस्तारण के कार्य का स्थल पर जायजा लिया गया।

मुर्रामकला ट्रेंचिंग ग्राउंड में रामगढ़ नगर परिषद एवं छावनी परिषद क्षेत्र से निकलने वाले ठोस कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए ठोस कचरा प्रबंधन प्रसंस्करण संयंत्र का निर्माण प्रस्तावित है। संयंत्र के लिए निर्धारित क्षेत्र को पुराने कचरे से मुक्त कर निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में वर्तमान में कचरे को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कचरा प्रबंधन कार्य में लगी संस्था एवं रामगढ़ नगर परिषद के पदाधिकारियों को पुराने कचरे को हटाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संयंत्र के लिए निर्धारित क्षेत्र को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खाली कराया जाए और अगले तीन दिनों के भीतर चारदीवारी एवं अन्य प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू किया जाए।

उपायुक्त ने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन प्रसंस्करण संयंत्र के लिए निर्धारित क्षेत्र का सीमांकन स्पष्ट रूप से किया जाए और स्थल पर इसकी पहचान सुनिश्चित हो, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की अस्पष्टता न रहे।

छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड क्षेत्र की ड्रोन से वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि पूरे क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का स्पष्ट अभिलेख उपलब्ध रहे। साथ ही ताजा कचरे और पुराने कचरे को व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से हटाने की बात कही गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुराने कचरे को हटाने, ताजा कचरे के प्रबंधन तथा प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन प्रसंस्करण संयंत्र के निर्माण से संबंधित सभी कार्यों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन प्रसंस्करण संयंत्र के निर्माण से रामगढ़ नगर परिषद एवं छावनी परिषद क्षेत्र के ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं प्रबंधन को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक एवं छावनी परिषद के कर्मी उपस्थित रहे।