सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नईसराय-गिद्दी मार्ग किया अनिश्चितकालीन जाम

Spread the love

अरगड्डा (रामगढ), झारखंड :   मांडू प्रखंड की बुमरी, बड़काचुंबा और मंझलाचुंबा पंचायत की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह पांच बजे से गिद्दी-नईसराय मार्ग को अरगडा चपरि मोड़ के पास अनिश्चितकाल के लिए जाम कर दिया। आंदोलनकारियों ने सड़क पर बांस लगाकर आवागमन बाधित कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

आंदोलनकारी अरगडा बेगामोड़ से कंजगी यादव मोड़, गणेश होटल कंजगी से उप स्वास्थ्य केंद्र फुलसराय तथा अरगडा कांटाघर से लुकइया तक सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन प्रभावित क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध डीएमएफटी राशि का उपयोग अन्य क्षेत्रों में किया जा रहा है, जबकि खनन प्रभावित इलाकों की जर्जर सड़कों की लगातार अनदेखी हो रही है। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण को लेकर ठोस पहल और स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

सड़क जाम आंदोलन में मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष रंधीर गुप्ता, रवि महतो, बड़काचुंबा मुखिया राजेंद्र कुशवाहा उर्फ राजू महतो, बुमरी मुखिया करण बेदिया, पंसस महेंद्र दास, लालचंद बेदिया, मनोज महतो, मंझलाचुंबा मुखिया प्रतिनिधि बबलू साव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संतोष मोदी, तोकेश सिंह, अमित बेलथरिया, अनिल सोनी, घनेलाल बेदिया, जोगेंद्र रजक, भरत गोप, अरुण गोस्वामी, रामवृक्ष बेदिया, लक्ष्मण सोनी, मुकेश सिंह, जितन मिश्रा, पप्पू यादव, आदित्य यादव, मुंशी महतो, रोहित नायक, शिवचंद राम, सकलदेव राम, लवकुमार यादव, सोनू यादव, धनराज सिंह, राजेश मिश्रा, प्रेम साव, श्रीराम गोप, पुरंजय मिश्रा, दीपक बेदिया और विंदेश्वर बेदिया सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।