रामगढ़ कैंट, झारखंड : आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने रामगढ़ थाना का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अड्डेबाजी एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़े के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। अपराध नियंत्रण के लिए एंटी क्राइम चेकिंग को प्रभावी बनाने के साथ सक्रिय अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
थाना क्षेत्र में पैदल गश्ती बढ़ाने, पुलिस की मौजूदगी को प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। महिला, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं पेशेवर तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजनों में सुरक्षा की भावना को मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया ।