ताला तोड़कर मंदिर में घुसे चोर, करीब दो लाख रुपये के आभूषण चोरी का अनुमान
ओरमांझी, (रांची), झारखंड :ओरमांझी स्थित काली मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंदिर के पुजारी जय प्रकाश दुबे ने ओरमांझी थाना में लिखित आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुजारी के अनुसार, शाम को पूजा करने के बाद उन्होंने मंदिर में ताला लगाया और घर चले गए थे। सुबह साफ-सफाई के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के अंदर काली मां की प्रतिमा के आसपास सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर एक सोने की चेन, बड़ा और छोटा चांदी का हार तथा एक चांदी की चूड़ी गायब मिली। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। आवेदन में मुकुट समेत अन्य सामान गायब होने की भी जानकारी दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली डीएसपी मनीष चंद्र लाल और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर का मुआयना कर घटना की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।