मतदाता सूची पुनरीक्षण : प्रमंडलीय आयुक्त ने रामगढ़ के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत बुधवार को मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता (भा.प्र.से.) ने रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामगढ़ प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 130, 131 और 132 तथा चितरपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 235, 236 और 238 का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरने की प्रगति की समीक्षा की।

जिन मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 की संख्या कम पाई गई, वहां आयुक्त ने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ पर्यवेक्षकों को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से प्रपत्र-6 भरवाने और उनकी ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा, आयुक्त ने रामगढ़ के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित मेगा हेल्प डेस्क शिविर के कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अभियान का गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।