रामगढ़, झारखंड : जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का दूसरा दिन रविवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। दूसरे दिन दुलमी प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। कुल 930 निर्धारित अभ्यर्थियों में से 588 उपस्थित रहीं, जबकि 342 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई परीक्षा
होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थल पर आवश्यक व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास, सुरक्षा, अनुशासन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को परीक्षा की पारदर्शिता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
5 नवंबर तक चलेगी बहाली परीक्षा
जिले में गृह रक्षा वाहिनी की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन सुबह पांच बजे से शुरू होती है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर को मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों तथा 27 अक्टूबर को मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। इसके बाद अन्य प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पर पहुंचें और बहाली प्रक्रिया से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन के अनुसार, गृह रक्षा वाहिनी बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।