रामगढ़ में तंबाकू नियंत्रण कानून के तहत छापेमारी, चार दुकानदारों से 800 रुपये जुर्माना वसूला

Spread the love

बिना खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति के चल रहा कुशवाहा टी स्टॉल तत्काल बंद कराया गया, दुकानदारों को नियमों का पालन करने का निर्देश

रामगढ़, झारखंड :  उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से छापेमारी अभियान चलाया गया। सोमवार को मेन रोड, छत्तरमांडू स्थित कोर्ट मोड़ के समीप चलाए गए इस अभियान के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के प्रावधानों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार दुकानदारों से कुल 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

छापेमारी के दौरान अभिनव टी स्टॉल, सरना होटल, देव होटल, शिवांश टी स्टॉल, मयंक पान दुकान, शिवम होटल, कुशवाहा टी स्टॉल और रूपेश टी स्टॉल सहित अन्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा संबंधित नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन पर रोक लगाने का निर्देश

जांच के दौरान दुकानदारों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 6ए के तहत आवश्यक चेतावनी संबंधी सूचना-पट्ट लगाने तथा धारा 5 के तहत तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार पर प्रतिबंध का पालन करने का निर्देश दिया गया।

विभाग के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को पहले भी इन नियमों की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान आवश्यक सूचना-पट्ट लगाने और अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दोबारा निर्देश दिए गए।

बिना अनुज्ञप्ति चल रही दुकान बंद कराई गई

छापेमारी अभियान के दौरान दुकानों के खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। इस क्रम में कुशवाहा टी स्टॉल बिना वैध खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। इसके बाद विभाग ने उक्त दुकान को तत्काल बंद करा दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक अनुज्ञप्ति और दस्तावेज प्राप्त करने के बाद ही प्रतिष्ठान का संचालन करें। साथ ही खाद्य सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

अभियान में अधिकारी और पुलिसकर्मी रहे शामिल

छापेमारी अभियान में रामगढ़ की खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा, खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी तथा रामगढ़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक एवं पुलिसकर्मी शामिल थे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।