आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग, 24 घंटे का अल्टीमेटम
रामगढ़, झारखंड :छोटानागपुर कॉलेज, रामानगर, रामगढ़ में सोमवार को आजसू छात्र संघ ने प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर दी। पीजी की परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ कथित छेड़खानी की घटना के विरोध में संघ ने यह आंदोलन शुरू किया है। छात्र संघ ने मामले के आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी और उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने की मांग की है।
मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस के प्रति आक्रोश जताया। आजसू छात्र संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपी प्रोफेसर को बर्खास्त नहीं किया जाता, तब तक कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी जारी रहेगी।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रभारी शिवम मिश्रा ने आरोपी प्रोफेसर की बर्खास्तगी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। वहीं, आजसू छात्र संघ के प्रखंड अध्यक्ष अजय महतो ने आरोपी की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग दोहराई। युवा नेता रोशन साव ने पुलिस और कॉलेज प्रशासन को 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया।
प्रदर्शन और तालाबंदी में मांडू युवा प्रभारी राजेश गुप्ता, युवा नेता रोशन कुमार, बिशु राजवार, छात्र नेता रोशन महतो, अविनाश कुमार समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
कॉलेज प्रशासन ने शासी निकाय के अधिकार क्षेत्र का दिया हवाला
मामले पर कॉलेज के प्राचार्य आरके दीवान ने कहा कि किसी को बर्खास्त करना या सेवा में बनाए रखना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। इस संबंध में निर्णय कॉलेज शासी निकाय की बैठक और बोर्ड में लिया जाता है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी कॉलेज सचिव को दे दी गई है।
वहीं, मौके पर पहुंचे कुजू ओपी के कार्यकारी प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि इस मामले में कॉलेज सचिव राजू चतुर्वेदी से बातचीत हुई है। सचिव ने प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने और मामले की जानकारी होने की बात कही है।
फिलहाल, छात्र संघ की ओर से आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है। मामले में पुलिस और कॉलेज प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।