चितरपुर में 4.48 करोड़ की लागत से बने बालिका आवासीय विद्यालय का उद्घाटन, ग्रामीण छात्राओं को मिलेगा बेहतर शिक्षा का अवसर

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड  : ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चितरपुर को बड़ी सौगात मिली है। झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, चितरपुर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया। रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विद्यालय का शुभारंभ किया।

विद्यालय भवन का निर्माण झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत कराया गया है। इसके निर्माण पर कुल 448.30 लाख रुपये (करीब 4.48 करोड़ रुपये) खर्च किए गए हैं। इस विद्यालय का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सुरक्षित आवासीय माहौल में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देना है।

बालिका शिक्षा से मजबूत होगा समाज : ममता देवी

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समाज एवं राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। चितरपुर में इस विद्यालय की शुरुआत क्षेत्र की बच्चियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियां आत्मनिर्भर बन सकती हैं और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने विद्यालय के सुचारू संचालन और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

दूरदराज की छात्राओं को भी मिलेगा लाभ : उपायुक्त

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि किसी भी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तीकरण आवश्यक है। आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था से दूरदराज के इलाकों में रहने वाली बच्चियों को भी पढ़ाई जारी रखने का बेहतर अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले में शैक्षणिक आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने और छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उपायुक्त ने छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करने की अपील की।

शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि : राजीव जायसवाल

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि 448.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस विद्यालय का उद्घाटन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी का विषय है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होने से बालिकाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत संरचना तैयार करना विकसित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराकर ही आत्मनिर्भर और सशक्त समाज का सपना पूरा किया जा सकता है।

विद्यालय परिसर का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।