पलामू टाइगर रिजर्व में बाघों के लिए ओरमांझी जू से मंगाए गए 144 हिरण

Spread the love

पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में बाघों के आहार के लिए रांची के बिरसा जैविक उद्यान से 144 हिरण लाए गए हैं। इन हिरणों को 70 हेक्टेयर क्षेत्र में छोड़ा गया है। इसमें बेतला नेशनल पार्क से लाए गए 20 हिरण भी हैं। कुल 164 हिरणों को यहां रखा गया है। पीटीआर के बारेसांढ़ उत्तरी भाग के लुकुइया व हिरनडेगवा में बेतला के 20 हिरण छोड़े गए हैं। वहीं, दक्षिणी भाग के रामनदाग व टेनो में रांची के 144 हिरण छोड़े गए हैं। बिरसा जैविक उद्यान रांची से लाए गए हिरणों में 115 मादा और 29 नर हैं।

हिरणों की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए स्टाफ पीटीआर के डीएफओ कुमार आशीष ने बताया कि हिरणों के लिए विशेष रूप से अलग बाड़ा बनाया गया है। रांची जू से लाए गए हिरण यहां के वातावरण में जबतक घुल-मिल नहीं जाते, तबतक बाड़े में ही रहेंगे। उनके प्रजनन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनकी सुरक्षा के लिए अलग से स्टाफ तैनात किए गए हैं। इस प्रकार की व्यवस्था की गई है कि कोई भी जानवर नुकसान नहीं पहुंचा सके। अगले कुछ दिनों में काला हिरण को भी पलामू टाइगर रिजर्व में लाया जाएगा। पीटीआर 129 वर्ग किमी में फैला हुआ है।