425 आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा निर्माण, जमीन उपलब्ध कराने का उपायुक्त ने दिया निर्देश

Spread the love

उपायुक्त रामगढ़ की बड़ी पहल 15 नवंबर 2025 तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा अपना भवन

किसी कारणवश जमीन उपलब्ध नहीं होने पर स्थानीय लोगों को जमीन दान करने के लिए करें प्रेरित, जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा सम्मानित

रामगढ़: उपायुक्त चंदन कुमार द्वारा बड़ी पहल की गई है। रामगढ़ जिले में 15 नवंबर 2025 तक सभी आंगनबाड़ी के केंद्रों का अपना भवन होगा। इसे लेकर शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो के द्वारा जानकारी दी गई कि वर्तमान में रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत 29, दुमली प्रखंड अंतर्गत 46, गोला प्रखंड अंतर्गत 41, चितरपुर प्रखंड अंतर्गत 42, मांडू प्रखंड अंतर्गत 111 एवं पतरातू प्रखंड अंतर्गत 156 कुल 425 आंगनबाड़ी केंद्र ऐसे हैं जिनका वर्तमान में अपना भवन नहीं है। इसे लेकर उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को अपने.अपने क्षेत्र में सर्वे कर जमीन उपलब्ध कराने का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त द्वारा 23 मई 2025 तक कम से कम आधे आंगनबाड़ी केंद्रों के जमीन उपलब्धता से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया तथा मई के अंत तक सभी 425 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जमीन उपलब्ध होने पर जुलाई महीने से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का यह लक्ष्य है कि 15 नवंबर तक सभी 425 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए एवं दिसंबर माह से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू कर दिया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त ने कहा कि अगर किसी कारणवश किसी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के लिए जमीन उपलब्ध नहीं हो पता है तो वैसी स्थिति में स्थानीय लोगों को जमीन दान करने के लिए प्रेरित किया जाए। जमीन दान करने वाले लोगों को जिला प्रशासन की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त ने वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं यथा पेयजलए शौचालयए विद्युत आदि की समीक्षा करते हुए उनकी पर्याप्त उपलब्धता सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक में मौजूद अधिकारी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।