श्री कृष्ण विद्या मंदिर में शुक्रवार को चार दिवसीय समर कैम्प का समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रामगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मनजीत साहनी एवं विशिष्ट अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी थे। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गान से किया। तत्पश्चात सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। वरिष्ठ शिक्षिका सपना चक्रवर्ती ने अपने स्वागत भाषण में विगत चार दिनों के सभी क्रियाकलाप को जैसे योग, कराटे,तीरंदाजी, ड्राइंग, जुम्बाडांस, फायरलैस कुकिंग, नृत्य, क्रिकेट, वॉलीबॉल आदि की उपयोगिता एवं सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विद्यालय सचिव का स्वागत किया। मंच का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका रंजू सिंह ने किया। आज समापन समारोह के अंतर्गत सभी बच्चों के बीच मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के कर कमलों से सहभागिता प्रमाण पत्र का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि मनजीत साहनी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों को विभिन्न खेलकूद एवं क्रियाकलापों में शामिल करने से उनके बौद्धिक, शारीरिक, सामाजिक एवं कौशल विकास होता है। उन्होंने उपस्थित सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उक्त समर कैंप के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्राचार्य, शिक्षक – शिक्षिकाओं तथा गैर शिक्षक कर्मचारियों का आभार प्रकट किया। समारोह में विद्यालय सचिव विमल किशोर जाजू, विद्यालय के कर्मचारीगण तथा अभिभावकगण उपस्थित थे।