झारखंड सरकार शराब दुकानों को संचालित करने के लिए अजब गजब निर्णय ले रही है
रामगढ़ कैंट, झारखंड :राज्य सरकार ने शराब दुकानों के संचालन को लेकर एक अनोखा और चौंकाने वाला कदम उठाया है। अब झारखंड में शराब दुकानों का संचालन प्लेसमेंट एजेंसियों की बजाय होमगार्ड के जवानों के हवाले किया जाएगा। इस निर्णय की शुरुआत राजधानी रांची जिला से की जा रही है।
रांची की 166 दुकानों पर होगी तैनाती
जानकारी के अनुसार, रांची जिले में कुल 166 खुदरा शराब दुकानें हैं, जिनमें
76 विदेशी शराब दुकानें
41 देशी शराब दुकानें
49 कंपोजिट (मिश्रित) दुकानें शामिल हैं।
इन सभी दुकानों पर अब राज्य के 367 होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
डीसी ने लिखा पत्र, 2 महीने में लागू होगी संचालन नियमावली
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने होमगार्ड समादेष्टा को पत्र लिखकर इस प्रतिनियुक्ति के लिए निर्देश दिए हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि नई संचालन नियमावली को लागू करने में करीब दो माह का समय लगेगा। इस दौरान प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से दुकानों का संचालन उपयुक्त नहीं माना गया है।
अब प्रशासनिक नियंत्रण और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए होमगार्ड के जरिए शराब दुकानों का संचालन किया जाएगा। राज्य सरकार के इस निर्णय की प्रशासनिक हलकों से लेकर आम लोगों के बीच भी चर्चा हो रही है।