डुमरी विधायक जयराम महतो पर मारपीट और लूटपाट का आरोप, नावाडीह थाना में मामला दर्ज

Spread the love

बेरमो (बोकारो), झारखंड : झारखंड झारखंड के विधायक जयराम महतो एक बार फिर विवादों में आ गये है। डुमरी के विधायक जयराम महतो पर अब बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरजा देवी के देवर और सीसीएल कर्मचारी कैलाश महतो ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नावाडीह थाना में दर्ज प्राथमिकी में विधायक और उनके अंगरक्षक समेत समर्थकों पर मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब 9 बजे गुंजरडीह मोड़ के पास की है। कैलाश महतो अपने कुछ साथियों के साथ निजी वाहन (JH10CJ-0051) से बैदकारो लौट रहे थे, तभी वाहन तकनीकी खराबी के कारण रुक गया। इसी दौरान विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक, विधायक के अंगरक्षक अशोक महतो ने पहले तो वाहन हटाने को कहा, और जवाब में वाहन खराब होने की बात सुनते ही कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ने पर विधायक समर्थकों ने मारपीट शुरू कर दी। कैलाश महतो का आरोप है कि खुद विधायक जयराम महतो ने भी बेल्ट से हमला किया, जिससे वे, लोचन महतो और अर्जुन महतो घायल हो गए।

इतना ही नहीं, कैलाश महतो के अनुसार, जब उन्होंने खुद को बेरमो प्रमुख गिरजा देवी का देवर बताया, तो विधायक समर्थकों ने कथित रूप से गिरजा देवी को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां कीं और मारपीट जारी रखी। इस दौरान कैलाश महतो के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नावाडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां से देर रात उन्हें छुट्टी दे दी गई।

इस घटना को लेकर बेरमो प्रमुख गिरजा देवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और प्रशासन से जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, इस मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राजधानी रांची सहित विभिन्न राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ज्ञात हो कि दो तीन दिन पूर्व भी रांची की एक महिला ने सोशल मीडिया पर अभद्र व्यवहार को लेकर रांची जिला के अरगोड़ा थाने में विधायक जयराम महतो के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करता है या नहीं।