रामगढ़ में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, विकास नगर में बच्चे की डूबने से मौत

Spread the love

भैरवी नदी उफान पर,  छिलका पुल डूबा, कई इलाकों में जलजमाव, सब्जियों की किल्लत से महंगाई बढ़ी

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। बुधवार सुबह 10 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 10 बजे तक जिले में 44.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गुरुवार को दिनभर रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही, जिससे पूरा शहर कीचड़ से भर गया।

रामगढ़ कॉलेज के निकट सड़कों पर जमा पानी

बुधवार की देर रात करीब ढाई बजे भारी बारिश ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया। इसका असर रजरप्पा मंदिर क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखा गया, जहां भैरवी नदी उफान पर आ गई और मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंच गई। नदी पर बना छिलका पुल पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे गोला की ओर से मंदिर आने-जाने का रास्ता बंद हो गया। नदी किनारे के दुकानदारों को सुरक्षा के मद्देनज़र अपनी दुकानें हटानी पड़ीं।

बारिश का असर रामगढ़ शहर के निचले इलाकों में भी देखने को मिला, जहां कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। विकास नगर में एक नाले में बारिश के पानी के तेज बहाव में एक पांच वर्षीय बच्चा बह गया। बच्चे का पिता छावनी परिषद में लाइन मैन का काम करता है। जानकारी के अनुसार, रानीबागी क्षेत्र से बहे इस बच्चे को केरला स्कूल के पास नाले से निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर दामोदर नदी का जलस्तर भी  बढ़ा हुआ है।

लगातार बारिश का असर बाजार पर भी पड़ा है। आपूर्ति बाधित होने से सब्जियों की कमी हो गई है और कीमतें आसमान छूने लगी हैं।