सड़क हादसे में पुलिस जवान की मौत, संदिग्ध ट्रक को रोकने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिसमें झारखंड पुलिस के जवान रमाशंकर पांडे की शुक्रवार देर रात ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा रात लगभग 2 बजे उस वक्त हुआ जब पुलिस गश्ती दल एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहा था।

घटना का विवरण:

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात ट्रक (नंबर JH09AC5262) राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से गुजर रहा था, जिस पर चरही पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों का संदेह हुआ। पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद सूचना मांडू थाना को दी गई। मांडू पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेडिंग की।

लेकिन ट्रक चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए फिल्मी अंदाज में डिवाइडर पर चढ़कर वाहन को भगाया और ट्रक में सवार 5 से 6 व्यक्ति मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी डीजल चोरी कर किसी ठिकाने से लौट रहे थे।

इसी अफरातफरी के बीच हजारीबाग की ओर से आ रहा एक कंटेनर (नंबर HR55AW8289) तेज रफ्तार में आया और पुलिस दल में शामिल जवान रमाशंकर पांडे को कुचलता हुआ निकल गया।  मौके पर ही जवान की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद कंटेनर भी पलट गया था।

मृतक जवान की पहचान:

  • नाम: रमाशंकर पांडे

  • निवास: विश्रामपुर, जिला-पलामू

  • पदस्थापना: चरही थाना, हजारीबाग

शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग भेजा गया है जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

कार्रवाई की स्थिति:

  • पुलिस ने संदिग्ध ट्रक और कंटेनर दोनों को जब्त कर लिया है।

  • मांडू थाना की पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पूर्व में भी हुई ऐसी घटना:

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही हजारीबाग के सिंदूर क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना घटी थी, जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर कोरrah थाना के दो जवान घायल हो गए थे। उनमें से एक की मौत हो गई थी जबकि दूसरा अब तक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है।