महुआ टुंगरी खान हादसे के बाद हरकत में आया खान सुरक्षा निदेशालय, करमा परियोजना का किया निरीक्षण

Spread the love

 

कुजू (रामगढ़): सीसीएल की करमा परियोजना अंतर्गत महुआ टुंगरी में हाल ही में हुए खनन हादसे के बाद अब प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियाँ एक्शन में आ गई हैं। शनिवार को खान सुरक्षा निदेशालय (DGMS) के वरिष्ठ अधिकारियों ने करमा परियोजना का दौरा कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।

निरीक्षण दल में रांची जोन के डिप्टी माइंस सेफ्टी (DMS) अजीत कुमार और डिप्टी डाइरेक्टर ऑफ माइंस सेफ्टी (DDMS) हनुमंत राव शामिल थे। अधिकारियों ने साइट पर पहुँचकर पूर्व में दिए गए सुरक्षा निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।

सख्त निर्देश दिए गए: कोई समझौता नहीं

निरीक्षण के दौरान DGMS अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। करमा परियोजना प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि:

  • सभी सुरक्षात्मक उपाय प्राथमिकता पर अपनाए जाएं।

  • श्रमिकों और अधिकारियों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

  • पूर्व निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान परियोजना पदाधिकारी रामेश्वर मुंडा, खान प्रबंधक संजय कुमार सिंह, और सेफ्टी ऑफिसर सुभाष सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

परियोजना पर नजर बनाए हुए हैं DGMS अधिकारी

महुआ टुंगरी हादसे के बाद DGMS लगातार खनन गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए है। उम्मीद की जा रही है कि सुरक्षा के मानकों में और सख्ती लाई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।