“मिट्टी में हाथ, दिल वतन के साथ”: सीआईओ ने शुरू किया 10 लाख पौधारोपण का अभियान

Spread the love

बचपन से प्रकृति प्रेम की शिक्षा, बच्चों को बनाया गया ‘हरित योद्धा’

रामगढ़, झारखंड : चिल्ड्रन इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (CIO) ने “मिट्टी में हाथ, दिल वतन के साथ” थीम पर देशव्यापी पर्यावरण अभियान की शुरुआत की है । जिसके तहत 25 जून से 26 जुलाई 2025 तक देशभर में 10 लाख पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में बच्चों को विशेष रूप से शामिल किया जा रहा है।

सीआईओ का मानना है कि प्रकृति संरक्षण की शुरुआत बचपन से होनी चाहिए। संस्था के अनुसार, जब बच्चे खुद पौधे लगाते और उनकी देखभाल करते हैं, तो वे न केवल पर्यावरण की रक्षा करते हैं बल्कि जिम्मेदारी और करुणा जैसे मूल्य भी सीखते हैं। यह अभियान पर्यावरणीय चेतना को बाल-मन में रोपने का एक प्रयास है।

क्या है योजना ?

बच्चे स्कूल, मदरसे, मस्जिद, पार्क और घरों के सामने पौधे लगाएंगे। प्रत्येक बच्चा अपने पौधे को एक नाम देगा, उसकी मित्र की तरह देखभाल करेगा, और अपने अनुभव को चित्र, कविता या कहानी के रूप में दर्ज करेगा।
अभियान को रोचक बनाने के लिए “हरित शपथ समारोह”, पर्यावरण विषयक खुतबा, प्रकृति भ्रमण, और कलात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। बच्चों को अपने अनुभवों पर लघु वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

क्यों है यह ज़रूरी ?

अभियान की प्रेरणा जलवायु परिवर्तन की गंभीर स्थिति है— घटते वन, बढ़ते तापमान और बिगड़ती वायु गुणवत्ता। सीआईओ मानता है कि इस चुनौती के खिलाफ बच्चों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

सरकारी सहयोग और संसाधन

संस्था ने पौधे उपलब्ध कराने, रोपण स्थलों की पहचान, पर्यावरणीय शैक्षणिक सामग्री और हरित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सरकारी विभागों से सक्रिय सहयोग प्राप्त किया है। यह सुनिश्चित करेगा कि लगाए गए पौधे जीवित रहें और फलें-फूलें।

प्रेरक नारा

“हर बच्चा जब एक पेड़ लगाए, एक हरि-भरी दुनिया खिल उठे।”

सीआईओ का यह अभियान बच्चों को प्रकृति के रक्षक बनाने की दिशा में एक ठोस और अभिनव पहल है।