रामगढ़, झारखंड : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन रविवार को मंत्री योगेंद्र प्रसाद के भाई भरत कपूर के श्राद्ध कार्यक्रम के अंतिम दिन उनके पैतृक गांव मुरुबंदा पहुँचीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
कल्पना सोरेन ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि भरत कपूर का हाल ही में हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी भरत कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया था और उन्हें एक सरल, समाजसेवी व विनम्र व्यक्तित्व का धनी बताया था।
कल्पना सोरेन की उपस्थिति से परिवार को भावनात्मक संबल मिला। मौके पर कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।