पाकुड़, झारखंड: यूट्यूब से जाली नोट बनाना सीखा, पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश—तीन गिरफ्तार

Spread the love

पकड़े गए आरोपियों से बरामद हुई नकली नोटों की छपाई मशीन, 7,100 रुपये के जाली नोट व अन्य सामान

एसपी निधि द्विवेदी ने किया मामले का खुलासा, एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

पाकुड़, झारखंड : जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजपोखर गांव निवासी बादशाह खान, गोड्डा के बड़ा धमनी गांव के हीरालाल पंडित और चमकलाल पंडित शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से नकली नोट छापने की मशीन, प्रिंटर, कागज, मोबाइल फोन, दो बाइक और कुल 7,100 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों में 500 के 9 और 100 के 26 नकली नोट शामिल हैं।

इस गिरोह की जानकारी एक महिला की गिरफ्तारी के बाद सामने आई, जिसे 29 जुलाई को रथ मेला मैदान से 1,700 रुपये के जाली नोट के साथ पकड़ा गया था। आरोपी महिला की पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है, जो मुख्य आरोपी बादशाह खान की पत्नी है। महिला की निशानदेही पर पाकुड़िया व आस-पास के हाट-बाजारों में जाली नोटों के फैलाव की जानकारी सामने आई।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। गठित टीम ने सूचनाओं के आधार पर राजपोखर गांव में छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

पुलिस का खुलासा: यूट्यूब से ली ट्रेनिंग, बन गए अपराधी

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब से नकली नोट छापने की विधि सीखी थी और लोकल बाजारों में उसे खपाने का काम कर रहे थे।

बरामद सामान :

  • 7,100 रुपये के जाली नोट

  • नोट छापने वाला प्रिंटर

  • विशेष कागज और अन्य उपकरण

  • दो मोटरसाइकिल

  • तीन मोबाइल फोन

प्रेस वार्ता में मौजूद रहे अधिकारी :

मुख्यालय डीएसपी बैद्यनाथ प्रसाद, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आज़ाद, पाकुड़िया व अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के पदाधिकारी।