देवघर, झारखंड: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब, प्रातः 4:07 बजे से जारी है जलार्पण

Spread the love

देवघर, झारखंड: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आज श्रद्धा का महासंगम देखने को मिल रहा है। बाबा दरबार में दर्शन व जलार्पण के लिए देशभर से आए लाखों कांवरियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह ठीक 04:07 बजे मंदिर का पट खुलते ही शिवभक्तों ने ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ जल चढ़ाना शुरू कर दिया।

देवघर की गलियों से लेकर कुमैठा तक हर ओर श्रद्धा की गूंज सुनाई दे रही है। भगवा वस्त्रों में लिपटे शिवभक्तों की कतारें रूटलाइन के हर मोड़ पर दर्शन को आतुर दिख रही हैं। रविवार से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। अनुमान है कि केवल रविवार को दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया, वहीं सोमवारी के अवसर पर यह संख्या तीन लाख पार कर सकती है।

श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व सुविधा प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती, CCTV कैमरे, मेडिकल टीम और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।

कांवरियों की निरंतर बढ़ती भीड़ और उनके अनुशासित मार्ग में बढ़ते कदम इस बात का प्रमाण हैं कि बाबा बैद्यनाथ की महिमा और सावन माह की धार्मिक मान्यता आज भी उतनी ही गहराई से जनमानस से जुड़ी हुई है।