न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की ली शपथ

Spread the love

रांची, झारखंड : झारखंड राज्य उच्च न्यायालय को आज नया मुख्य न्यायाधीश मिला। बिरसा मंडप, राज भवन में आयोजित गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात राज्यपाल ने न्यायमूर्ति चौहान को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

समारोह की शुरुआत में राज्य की मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने न्यायमूर्ति चौहान की नियुक्ति से संबंधित राष्ट्रपति वारंट का वाचन किया। इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने उन्हें शपथ के लिए आमंत्रित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, पूर्व न्यायाधीश, प्रशासनिक व पुलिस सेवा के वरीय अधिकारी, उच्च न्यायालय के पदाधिकारी एवं वरीय अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह न्यायिक गरिमा और संवैधानिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित हुआ, जिसमें राज्य के सभी प्रमुख संवैधानिक पदाधिकारियों की उपस्थिति ने इसकी महत्ता को और भी बढ़ा दिया।