गिद्दी दुर्गा मंडप कॉलोनी में वारदात, कोफीमयू नेता रविंद्र सिंह के क्वार्टर को बनाया निशाना
गिद्दी, हजारीबाग (झारखंड) : गिद्दी थाना क्षेत्र के दुर्गा मंडप कॉलोनी में सोमवार की रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने कोफीमयू नेता रविंद्र सिंह के बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर, चांदी के सिक्के, मोबाइल और पितल के बर्तन चुरा लिए।
रविंद्र सिंह को इस चोरी की जानकारी तब हुई जब वे अपने पैतृक गांव परइया (जिला गया, बिहार) से सोमवार की रात लगभग साढ़े सात बजे लौटे। घर का दरवाजा खुला देखकर जब वे अंदर गए तो पाया कि गोदरेज और बक्से का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा है।
चोरी गये सामानों में दो मोबाइल फोन, दो जोड़ी सोने की बाली, दो सोने की अंगूठियां, लगभग 20 चांदी के सिक्के तथा पितल के बर्तन हैं। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।रविंद्र सिंह ने गिद्दी थाना में शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की जांच तथा चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
सप्ताह भर से बंद था क्वार्टर
रविंद्र सिंह ने बताया कि वे और उनकी पत्नी करीब एक सप्ताह पहले क्वार्टर में ताला लगाकर अपने गांव गए थे। इसी दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।