गिद्दी (रामगढ़), झारखंड: रामगढ़ जिले के सिरका परियोजना क्षेत्र में रविवार सुबह एक हाइवा वाहन की चपेट में आने से एक मवेशी की मौत हो गई। घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने सिरका आउटसोर्सिंग कंपनी का ढुलाई कार्य लगभग छह घंटे तक ठप कर दिया।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है जब सिरका चानक बस्ती निवासी बसंत बेदिया की गाय डंपिंग यार्ड से लौट रही एक हाइवा से कुचल गई। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने सुबह 10 बजे से सिरका परियोजना का कोयला ढुलाई कार्य पूरी तरह बाधित कर दिया।
ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। प्रारंभ में कंपनी प्रबंधन के साथ बात नहीं बनी, जिसके बाद गिद्दी पुलिस ने हस्तक्षेप किया। पुलिस और प्रबंधन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शाम चार बजे आंदोलन समाप्त कर दिया।
ढुलाई कार्य बाधित करने वालों में बसंत बेदिया, प्रदीप बेदिया, संदीप बेदिया, अरुण भुइयां, कारू भुइयां, रविंद्र सोनी, सोनू करमाली, राज करमाली समेत कई ग्रामीण शामिल थे।
सिरका परियोजना क्षेत्र में मवेशी को कुचलने वाला हाइवा वाहन
स्थानीय प्रशासन और प्रबंधन ने मुआवजे की प्रक्रिया आरंभ करने का आश्वासन दिया है।