रामगढ़ में रक्षा बंधन का उल्लास : भाई-बहन के प्रेम का अद्भुत संगम

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर शनिवार, 09 अगस्त 2025 को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षा बंधन पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के साथ मनाया गया। सुबह से ही पूरे जिले में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी, जहां अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने भगवान के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और भाई-बहन के अटूट रिश्ते की मंगलकामना की।

घर-घर में रक्षाबंधन की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गई थीं। बहनों ने थाली में आरती, दीपक, अक्षत और मिठाइयों के साथ राखी सजाई और भाई की कलाई पर प्रेम का धागा बांधकर उनके दीर्घायु और खुशहाल जीवन की दुआ की। इसके बदले भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार और मिठाइयां भेंट कीं।

त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक देखते ही बन रही थी। मिठाई की दुकानों से लेकर सजावटी राखियों की दुकानों तक, हर जगह खरीदारों की भीड़ उमड़ी हुई थी। बच्चों में तो खासा उत्साह देखने को मिला — कहीं छोटे भाई अपनी बहनों को गले लगाते नजर आए, तो कहीं बहनों ने राखी बांधने के बाद भाइयों को चॉकलेट और खिलौनों का तोहफ़ा दिया।

दिनभर जिले में बहनों द्वारा भाइयों के घर जाकर राखी बांधने का सिलसिला जारी रहा। शाम होते-होते गलियों में बच्चों की खिलखिलाहट और परिवारों की खुशियां इस बात की गवाही दे रही थीं कि रक्षा बंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि रिश्तों की मिठास और प्यार का अद्भुत उत्सव है।