नई दिल्ली : दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत आठ दिनों बाद भी गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उनके मस्तिष्क में अब तक कोई गतिविधि नहीं हो रही है, हालांकि हार्ट, किडनी और लीवर जैसे अन्य अंग सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके ब्रेन की स्थिति पर लगातार मॉनिटर के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
मंत्री के पुत्र सोमेश सोरेन ने बताया कि शुरुआती दिनों में किडनी में कुछ दिक्कत थी, लेकिन अब वह सामान्य रूप से काम कर रही है। इसके बावजूद ब्रेन में हलचल न होना चिंता का विषय है। अस्पताल के सीनियर डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
गौरतलब है कि 2 अगस्त 2025 को जमशेदपुर स्थित आवास पर मंत्री को ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उन्हें तुरंत दिल्ली रेफर किया गया था। मस्तिष्क में ब्लड क्लॉट के कारण वे अचेत हैं और फिलहाल वेंटिलेटर पर जीवन रक्षक प्रणाली के सहारे हैं।