रांची में भीषण सड़क हादसा – महिला, युवती और बच्चे की मौत, फॉर्च्यूनर चालक भीड़ के हत्थे चढ़ा

Spread the love

घटना स्थल पर जुटी भीड़

रांची, झारखंड : हरमू रोड स्थित बीजेपी कार्यालय के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक युवती, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (नंबर JH01FF-4545) अरगोड़ा चौक से रातू रोड की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। बेकाबू वाहन ने पहले एक ऑल्टो कार को टक्कर मारी, फिर दो-तीन बाइक को रौंदते हुए सड़क की दूसरी ओर जाकर दीवार से टकरा गई। इस दौरान ऑल्टो और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़ की और चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर अरगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। स्थानीय लोगों ने चालक की पहचान मोहित नामक युवक के रूप में की, जबकि वाहन आदर्श राज (पिता राजकुमार प्रसाद) के नाम पर रजिस्टर्ड है। वाहन के संचालक महावीर चौक, अपर बाजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनका वहां ग्रहरत्न नामक दुकान भी है।