अखिलेश यादव ने नेमरा पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

Spread the love

रूपी सोरेन से बात करते अखिलेश यादव

हेमंत सोरेन से विभिन्न मसलों पर बात करते तथा झारखंड की हरियाली को देखते अखिलेश यादव

नेमरा (गोला, रामगढ़), झारखंड  : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के नेमरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अखिलेश यादव ने दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और शोक पुस्तिका में अपनी टिप्पणी दर्ज की। इसके बाद उन्होंने उनकी पत्नी रूपी सोरेन से मुलाकात कर सांत्वना दी। मौके पर श्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन से कहा कि दु:ख की इस घड़ी में पूरे झारखंड के लोग आपके साथ है, आपका संबल ही राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को शक्ति प्रदान करेगा। स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना जीवन का एक-एक पल आदिवासी, दलित, शोषित, पीड़ित एवं वंचित समुदायों के कल्याण में लगा दिया। “गुरुजी” के जीवन से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी भले ही आज हम सभी के बीच नहीं है लेकिन उनका संघर्ष, आदर्श एवं व्यक्तित्व को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। “गुरुजी” एक प्रभावशाली जननेता के रूप में युग-युग तक याद किए जाएंगे, जिन्होंने समाज को एक नई दिशा दी।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिलकर संवेदना व्यक्त की और उनके साथ लंबी बातचीत की। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों — विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य परिजनों से भी मुलाकात कर ढांढस बंधाया।