रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड अंतर्गत देवरिया पंचायत सचिवालय में गुरुवार13 अगस्त 2025 को वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि के रूप में बैंक ऑफ़ इंडिया मुख्यालय मुंबई से आए मुख्य महाप्रबंधक अशोक कुमार पाठक और विशिष्ट अतिथि आंचलिक प्रबंधक नरेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर पतरातू, बरकाकाना, भुरकुंडा और सयाल शाखा के सभी प्रबंधक तथा देवरिया पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में करीब आधा दर्जन लाभुकों को प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा योजना के तहत 2-2 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। मुख्य अतिथि अशोक कुमार पाठक ने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 55 करोड़ खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें कुल मिलाकर 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है और प्रत्येक खाते में औसतन ₹5300 का बैलेंस है, जो वित्तीय समावेशन की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही उन्होंने साइबर क्राइम से बचाव और जीवन बीमा की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में लाभुक बलजीत कौर ने कहा कि उन्हें आज प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त हुई है, जो उनके दिवंगत पति द्वारा कराए गए बीमा का लाभ है। उन्होंने सभी लोगों से जीवन बीमा कराने की अपील की।
देवरिया पंचायत के मुखिया ने भी वित्तीय समावेशन शिविर की सराहना करते हुए कहा कि अशोक पाठक ने बैंकिंग सेक्टर में हो रहे फ्रॉड से बचाव के तरीकों की भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।