रांची, झारखंड : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। उनके पुत्र ने अपने पिता के ही ट्विटर हैंडल के माध्यम से यह दुखद सूचना साझा की । झामुमो नेता कुणाल सारंगी ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर यह सूचना साझा की है ।
घटना क्रम
2 अगस्त को जमशेदपुर में अपने आवास में बाथरूम में मंत्री रामदास सोरेन अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल रांची से एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि हृदय और अन्य अंग सामान्य रूप से कार्य कर रहे थे लेकिन ब्रेन में कोई प्रतिक्रिया नहीं होने के कारण उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी। बीते 8 दिनों से उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था।
शुक्रवार की शाम को उनकी हालत अचानक और बिगड़ गई और रात लगभग 10:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर
मंत्री रामदास सोरेन के निधन की खबर फैलते ही राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गयी। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
रामदास सोरेन एक संवेदनशील और जनसमर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे। शिक्षा क्षेत्र में सुधार और आदिवासी समाज के लिए उनके निरंतर प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा।