उपराष्ट्रपति चुनाव : सीपी राधाकृष्णन ने दाखिल किया नामांकन, पीएम मोदी बने प्रस्तावक

Spread the love
नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी को सौंपते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली : एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उनके नामांकन पत्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए। नामांकन के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सहित एनडीए के सभी प्रमुख दलों के नेता उपस्थित रहे।

नामांकन दाखिल करने से पहले राधाकृष्णन ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, किरेंन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, धर्मेंद्र प्रधान, राम मोहन नायडू किंजरापु, एल. मुरुगन एवं भाजपा नेता विनोद तावड़े भी उनके साथ मौजूद रहे।

एनडीए के उम्मीदवार के रूप में राधाकृष्णन की उम्मीदवारी को एनडीए घटक दलों का पूरा समर्थन प्राप्त है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान जेडीयू सांसद लल्लन सिंह, चिराग पासवान सहित कई सहयोगी दलों के नेता भी शामिल रहे, जिससे एनडीए की एकजुटता का संदेश साफ़ तौर पर दिखाई दिया।

इस चुनाव में राधाकृष्णन का मुकाबला इंडिया  गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी से होगा, जो 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

साभार : डीएएस दिल्ली