बोकारो, झारखंड : चंदनकियारी प्रखंड के सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित अलकुशा मोड़ पर बुधवार सुबह रोज़गार की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का विरोध-प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया, जब आंदोलनकारियों ने मौके पर पहुंचे थानेदार मनीष कुमार पर हमला कर दिया।
घटना वेदांता इलेक्ट्रोस्टील लिमिटेड कंपनी के निकट हुई, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण स्थानीय युवाओं को नियोजन देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर रहे थे। सूचना मिलने पर सियालजोरी थानेदार मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और आंदोलनकारियों से वार्ता कर सड़क जाम हटाने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कराने को तैयार है।
हालांकि बातचीत के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने थानेदार पर पथराव कर हमला कर दिया। हमले में थानेदार मनीष कुमार के सिर में गंभीर चोट आई।
गंभीर रूप से घायल थानेदार को तत्काल बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-4 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद भी अलकुशा मोड़ पर ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।