रामगढ, झारखंड : भगवान श्रीकृष्ण की छठियारी के अवसर पर गुरुवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। शिवाजी रोड स्थित बांके बिहारी राधारानी किला मंदिर, चट्टी बाजार स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर और ओड़ी एरिया स्थित श्रीकृष्ण जन्म स्थली सहित कई स्थानों पर पूजन-अर्चन और भंडारा का आयोजन किया गया।
सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बालकृष्ण की पूजा-अर्चना हुई। आरती के बाद भगवान को भोग अर्पित कर महाप्रसाद का वितरण शुरू किया गया। दोपहर 12 बजे से आरंभ हुआ भंडारा शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान हजारों श्रद्धालु कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण करते रहे।
किला मंदिर में प्रसाद वितरण का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व चैंबर अध्यक्ष अनुप कुमार उर्फ बाबू साहेब, महासचिव प्रो. संजय प्रसाद सिंह और प्रधान पुजारी पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। अपने संबोधन में अनुप कुमार ने कहा कि “धार्मिक आयोजन से समाज में भक्ति और आस्था की भावना प्रबल होती है। ऐसे आयोजन मंदिरों में निरंतर होते रहना चाहिए।”
इस अवसर पर अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सूर्यवंश श्रीवास्तव, मुरारी मोहन शर्मा, डी.एन. तिवारी, बसंत अग्रवाल, शशि अग्रवाल, मुकुंद अग्रवाल, राजन पांडेय, विवेक शर्मा, मनोज अग्रवाल, रूपा, पूजा, पुष्पा, पूनम माली, अर्चना केशरी, विद्या सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।