पेट्रोलिंग पर तैनात पुलिस अधिकारी लाइन क्लोज
रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामगढ़ के निर्देश पर अवैध कोयला लदे हाइवा छोड़ने के मामले की जांच शुरू हो गई है। यह मामला एक दैनिक समाचार पत्र में 20 अगस्त 2025 को प्रकाशित खबर “अवैध कोयला लदे हाइवा को छोड़ा, शिकायत दर्ज” से जुड़ा है।
उपायुक्त कार्यालय के पत्रांक-999/गो०, दिनांक-21.08.2025 के आलोक में इस संबंध में कार्यालय ज्ञापांक-4350/गो०, दिनांक-21.08.2025 के द्वारा सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू, गौरव गोस्वामी (भा.पु.से.) को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें 24 घंटे के भीतर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की है। कार्यालय आदेश ज्ञापांक-4352/गो०, दिनांक-21.08.2025 के तहत घटना के समय हाईवे पेट्रोलिंग में प्रतिनियुक्त सअनि मनोज कुमार (रामगढ़ थाना) को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक पुलिस केंद्र, रामगढ़ क्लोज कर दिया गया है।
साथ ही पुलिस अधीक्षक ने रामगढ़ जिले के सभी थाना व ओपी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि अवैध कोयला भंडारण, परिवहन व खुदाई पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाए।