पतरातू, (रामगढ़), झारखंड : पतरातू थाना क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों को सांप ने काट लिया। दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार हेतु रेफर किया गया है।
पहली घटना कोतो गांव की है, जहां प्रकाश महतो फुटबॉल खेलते समय झाड़ियों में गेंद निकालने गए। उसी दौरान सियरचंदा सांप ने उनके पैर में डंस लिया। साथी खिलाड़ियों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू पहुंचाया, जहां डॉक्टर नितिन तुलस्यान की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। खिलाड़ियों ने सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
दूसरी घटना रोचाप गांव की है। यहां खेत में काम कर रहे किसान चमन महतो को सांप ने पैर में काट लिया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उन्हें किस प्रकार के सांप ने काटा। परिजनों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू पहुंचाया। डॉक्टर गौतम कुमार ने प्राथमिक इलाज कर उन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर किया। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।