कुजू के पैंकी में फोरलेन सड़क पर दो ट्रकों की टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल

Spread the love

कुजू (झारखंड) : कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी स्थित रांची-हजारीबाग फोरलेन सड़क पर शनिवार तड़के लगभग चार बजे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में आंध्रप्रदेश के तिरुपति निवासी ट्रक चालक साईं कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद गश्ती पर तैनात कुजू ओपी के सअनि रवि शर्मा ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया। वहां स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैंकी के पास ट्रक संख्या जेएच 02बी जे 5742 सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक संख्या एपी 39 एक्स 0452 खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिछले ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।

पुलिस व स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। हादसे में उसका पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।