झारखंड के उद्यमियों को सैन्य रक्षा उत्पादन से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक पहल, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की विशेष बैठक
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ उनके आवास में आयोजित बैठक में शामिल लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेवाड़ , महामंत्री विनोद अग्रवाल
रांची, झारखंड :झारखंड के उद्यमियों की भागीदारी को सैन्य रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची स्थित अपने आवास पर सोमवार 26 अगस्त 2025 को प्रदेश के प्रमुख उद्योग एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक की।
बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेवाड़, महामंत्री विनोद कुमार अग्रवाल, अजय भंडारी, फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष परेश गट्टानी, पूर्व अध्यक्ष दीपक मारू, विकास विजयवर्गीय, जेसिया के सचिव शिवम सिंह एवं पूर्व अध्यक्ष अरुण खेमका सहित कई उद्यमी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान श्री सेठ ने कहा कि यह झारखंड में इस तरह का पहला प्रयास है, जो राज्य के उद्यमियों के लिए सैन्य रक्षा उत्पादन क्षेत्र में नए अवसर खोलेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार हर संभव सहयोग करेगी ताकि झारखंड के उद्यमी रक्षा उत्पादन में अपनी मजबूत हिस्सेदारी सुनिश्चित कर सकें। इससे न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी। इस पहल से उत्साहित उद्यमियों ने आश्वासन दिया कि वे पूरी तन्मयता और सांगठनिक दृष्टिकोण से इस अभियान का हिस्सा बनेंगे।
उल्लेखनीय है कि इसी परिप्रेक्ष्य में आगामी ईस्टर्न टेक्नोलॉजी कॉनक्लेव 2025 का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक त्रिदिवसीय मेले के रूप में खेलगांव, रांची में किया जा रहा है। लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेवाड़ ने कहा कि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री के इस कदम से झारखंड में विकास और औद्योगिक प्रगति के नए द्वार खुलेंगे।