काम पर जा रहे मजदूर को हाथी ने कुचला, मौत के बाद हंगामा

Spread the love

रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा मंदिर मार्ग पर शुक्रवार अहले सुबह हाथियों के झुंड ने एक मजदूर को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान गोला प्रखंड के मुरपा गांव निवासी मुस्ताक अंसारी (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वे रोज की तरह रजरप्पा वाशरी में लोडिंग कार्य के लिए जा रहे थे, तभी जनियामारा जंगल के पिचि मोड़ के पास हाथियों ने हमला कर दिया।

हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान हाथियों ने सरजू करमाली और अजय करमाली के होटल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और हंगामा किया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

स्थानीय मुखिया सुनीता देवी ने कहा कि हाथियों की आवाजाही की सूचना पर विभाग को मॉनिटरिंग करनी चाहिए थी। वहीं वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और मंदिर मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की।

समाजसेवी राजू महतो और समिति अध्यक्ष ठाकुरदास महतो ने कहा कि वन विभाग की लापरवाही के कारण इस तरह की दर्दनाक घटनाएं बार-बार हो रही हैं।