सीसीएल  सौंदा साइडिंग पर अपराधियों की फायरिंग से फैली दहशत, राहुल दुबे गैंग का नाम लिखी चिट्ठी बरामद

Spread the love

भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड :  रामगढ़ जिले के भुरकुंडा स्थित सीसीएल सौंदा साइडिंग में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की। घटना ठेकेदार पप्पू जैन के क्रशर के पास की है। बताया जा रहा है कि दो नकाबपोश बाइक सवारों ने मौके पर पहुंचकर चार राउंड फायरिंग की और वहां राहुल दुबे गैंग का नाम लिखी एक चिट्ठी छोड़कर फरार हो गए।

गोलीबारी के बाद सनसनी 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चला रहा युवक वाहन रोकते ही पीछे बैठे शख्स ने पिस्तौल से गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, हालांकि अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

साइडिंग बंद, कोयला आपूर्ति पर असर

घटना के बाद एहतियातन सौंदा बी साइडिंग को बंद कर दिया गया, जिससे कोयले की ट्रांसपोर्टिंग और उत्पादन प्रभावित हुआ है। जानकारी के मुताबिक हाल के महीनों में कोलफील्ड क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले भी राहुल दुबे गिरोह द्वारा सयाल डी प्रोजेक्ट के गेट पर फायरिंग की गई थी।

 भय का माहौल

लगातार हो रही ऐसी वारदातों से ठेका कंपनियों के बीच डर का माहौल गहरा गया है। कंपनियों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम नहीं उठाए तो कार्य प्रभावित हो सकता है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।