रामगढ़, झारखंड : जिला परिवहन कार्यालय रामगढ़ में एक महीने को सारा काम काज ठप है। ऐसा जिला परिवहन पदाधिकारी की पदस्थापना नहीं होने की वजह से हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी मनीषा वत्स का तबादला 30 जुलाई को करते हुये उनकी सेवा कार्मिक विभाग को सौंप दी गयी थी। नये जिला परिवहन पदाधिकारी के आने तक तथा चार्ज न लिये जाने की स्थिति में वे कार्य कर रही थीं। लेकिन उन्हें विरमित कर दिया गया तथा कहा गया कि अब उनकी सेवा परिवहन विभाग में नहीं है। इसलिए वे कार्मिक में योगदान दें। इसके बाद से जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय की गतिविधियां लगभग सारी ठप हो गयी है। यहां तक कि किसी को रामगढ़ जिला का प्रभार भी नहीं दिया गया है। प्रभार देने से भी काम होता।
निवर्तमान जिला परिवहन पदाधिकारी मनीषा वत्स के स्थान पर नये जिला परिवहन पदाधिकारी की पदस्थापना नहीं किये जाने को लेकर तरह तरह की चर्चा लोगों के बीच है। लोग अपने काम को लेकर जिला परिवहन कार्यालय जाते हैं। लेकिन उन्हे निराशा हाथ लगती है। कंप्यूटराइज्ड व्यवस्था में हर काम जिला परिवहन पदाधिकारी के लोगिन से होता है। लेकिन जिला परिवहन पदाधिकारी की आईडी तबादला के बाद ब्लॉक हो गयी है। इससे लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, वाहनों का रजिस्ट्रेशन आदि सारे काम बंद हैं। केवल वाहनों को टैक्स जमा किया जा सकता है। चुकि यह मामला मंत्रालय का है इसलिए जिला के कोई अधिकारी इस संबंध में कुछ बता पाने में असमर्थ हैं। बहरहाल जो भी हो लोगों को जिला परिवहन पदाधिकारी के न रहने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पदस्थापना में पैसे के खेल की वजह से नहीं हो पा रहा रामगढ़ में डीटीओ का पदस्थापना : धनंजय कुमार पुटूस
रामगढ़ में जिला परिवहन पदाधिकारी का पदस्थापना नहीं होने की वजह सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस ने लोगों में हो रही चर्चा के अनुसार पैसे के लेन देन को बताया है। श्री पुटूस ने कहा कि लोगों में हो रही चर्चा के अनुसार राज्य के हर विभाग की तरह राज्य में परिवहन विभाग में भी बगैर पैसे लिए जिला परिवहन पदाधिकारियों का पदस्थापना नहीं किया जाता है। लोगों में हो रही चर्चा के अनुसार परिवहन विभाग में रामगढ़ जिला को मलाईदार जिला माना जाता है। यहां पदस्थापना के लिए काफी मोटी रकम की मांग की गयी है। उतनी रकम कोई अधिकारी देने को तैयार नहीं है। इसलिए रामगढ़ में जिला परिवहन पदाधिकारी का पदस्थापना नहीं किया जा रहा है तथा लोग परेशानी झेलने को मजबूर हैं। धनंजय कुमार पुटूस ने राज्य सरकार से तत्काल रामगढ़ में जिला परिवहन पदाधिकारी के पदस्थापना की मांग की है। जिससे लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।