शिक्षक ही समाज का असली मार्गदर्शक “शिक्षक दिवस पर विद्यालय में हुआ भव्य आयोजन”

Spread the love

 रामगढ, झारखंड :  श्री कृष्ण विद्या मंदिर में शुक्रवार 05 सितम्बर को  शिक्षक दिवस बड़े ही गरिमामयी एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। यह दिन भारत के द्वितीय राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और आदर्श शिक्षक डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत मंच पर डॉक्टर राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनके जीवन, विचारों और शिक्षा दर्शन पर सारगर्भित चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि डॉ राधाकृष्णन ने सदैव शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम माना और उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।

इसके पश्चात छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत, कविता पाठ एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने विद्यार्थियों के लिए एक नए ओपन जिम का उद्घाटन किया तथा शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की बधाई दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी अपने संबोधन में शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना की। अंत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को बुके देकर  आभार व्यक्त किया।