सीसीएल सौंदा : सेविका चयन में गड़बड़ी की शिकायत, पुनः जांच की मांग

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  पतरातु प्रखंड के सीसीएल सौन्दा पंचायत वार्ड संख्या 5 में हुए आंगनबाड़ी सेविका चयन को लेकर गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। ग्राम की निवासी उर्मिला कुमारी ने उपायुक्त रामगढ़ को आवेदन देकर चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है।

आवेदन में कहा गया है कि चयन के दिन ग्राम सभा में मात्र 36 लोग ही उपस्थित थे, जबकि पूरे पोषक क्षेत्र में लगभग 500 की आबादी निवास करती है। आरोप है कि सूचना का अभाव और सीमित लोगों को टेलीफोन व व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बुलाकर चयन कराया गया।

उर्मिला कुमारी, जो बीएड डिग्रीधारी और विकलांग हैं, ने कहा कि उन्हें और कई योग्य अभ्यर्थियों को न तो लिखित और न ही मौखिक सूचना दी गई। उन्होंने दावा किया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी इस संबंध में शिकायत दी गई थी, लेकिन जांच में पारदर्शिता नहीं बरती गई।

उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि पुनः जमीनी स्तर पर जांच कराते हुए सभी घरों को सूचना देकर अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कर दोबारा चुनाव कराया जाए, ताकि पोषक क्षेत्र के लोगों के साथ न्याय हो सके।